दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले चिराग पासवान:सारण में जहरीली शराब से 150 से अधिक लोगों के मरने का दावा कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की

दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिले चिराग पासवान:सारण में जहरीली शराब से 150 से अधिक लोगों के मरने का दावा कर राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की

लोकजनशक्ती पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्हें एक लेटर सौंपा। इसके जरिए उन्होंनें दावा किया कि सारण जिले में जहरीली शराब पीने से 150 से भी अधिक लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले सभी लोग गरीब और कमजोर वर्ग के हैं। बिहार में अराजकता की स्थिति है। कानून का राज समाप्त हो चुका है। हर तरफ माफियाओं का कब्जा है। जिसमें बालू , शराब और भू माफिया शामिल हैं। ये सभी खुल कर अपनी गैर कानूनी धंधे को चला रहे हैं। गिरती कानून व्यवस्था की वजह से राज्य के नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इन बातों को केंद्रीय गृह मंत्री के पास रखते हुए चिराग पासवान ने हस्तक्षेप करने और राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग कर दी है। ये मांग पिछले कई दिनों से वो लगातार करते आ रहे हैं।

अपराधियों को मिला है सरकार का संरक्षण केंद्रीय गृह मंत्री के सामने चिराग पासवान ने दावा किया कि बिहार में अपराधियों को सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। इसी वजह से राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल हुई है। हर दिन अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों की हत्याएं हो रही है। महिलाओं के प्रति हिंसा भी बढ़ी है। हाल में ही अरवल जिले में एक महिला और उसकी 5 साल की बेटी आग से जलाकर निर्मम तरीके से उनकी हत्या कर दी गई थी। बिहार की वर्तमान परिस्थितियां गंभीर और चिंता पैदा करने वाली हैं। क्योंकि, बढ़ते आपराधिक वारदातों से राज्य के लोग डरे और सहमे हुए हैं। यही वजह है कि सारण में जहरीली शराब कांड से मरने वाले लोगों के परिवार से मिलने के बाद वो खुद राज्यपाल फागू सिंह चौहान से मिले थे। साथ ही उनसे भी राष्ट्रपति शासन को लागू कराने के लिए अनुशंसा करने की मांग की थी।